सामूहिक कन्या विवाह में 101 जोड़ों ने लिए सात फेरे, मेले जैसा रहा माहौल
निष्पक्ष जन अवलोकन । रत्नाकर पांडे।
सिरौलीगौसपुर (बाराबंकी)। दूल्हादेपुर स्थित श्री राम जानकी मंदिर बजरंग व्यायामशाला परिसर में बुधवार को भव्य सामूहिक कन्या विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अयोध्या हनुमानगढ़ी के महंत बाबा बलराम दास के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में 101 कन्याओं का विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम के अंतिम दिन बुधवार दोपहर करीब दो बजे 100 से अधिक दूल्हे अपनी-अपनी बारात लेकर पहुंचे। डीजे की धुन पर नाचते-गाते बारातियों के आगमन से पूरा परिसर उत्सव में बदल गया। एक साथ 101 बारातों के पहुंचने से कार्यक्रम स्थल पर मेले जैसा दृश्य उत्पन्न हो गया और चारों ओर खुशी का माहौल दिखाई दिया।
सामूहिक विवाह समारोह की विशेष बात यह रही कि दो मुस्लिम कन्याओं ने हिंदू युवकों के साथ हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह किया। आयोजक महंत बाबा बलराम दास ने दोनों कन्याओं से उनकी सहमति के विषय में सार्वजनिक रूप से पूछा, जिस पर कन्याओं ने स्पष्ट किया कि वे अपनी स्वेच्छा से यह विवाह कर रही हैं।
जयमाल कार्यक्रम की शुरुआत दरियाबाद निवासी राजकुमार पुत्र सतनाम एवं दरियाबाद की मुफीदा बानो पुत्री मोहम्मद अहमद के वरमाला आदान-प्रदान से हुई। इसके बाद कोठरी गोरिया निवासी सतीश पुत्र गुल्ले और लखवा अमानीगंज निवासी रुबा पुत्री वारिस अली ने जयमाल किया। इसी क्रम में सभी 101 जोड़ों ने जयमाल की रस्म पूरी की और विवाह की अन्य रस्में देर रात तक चलती रहीं।
इस अवसर पर महंत दिव्या गिरी भी मौजूद रहीं। उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि जहां लोग एक कन्या का विवाह कर पुण्य अर्जित करते हैं, वहीं 101 कन्याओं का विवाह संपन्न कराना अत्यंत सराहनीय एवं पुण्य कार्य है।
कार्यक्रम में अनिल पांडे, प्रहलाद कुमार विमल, रवि सिंह, सौरभ दास, स्वर्ण दास, अमन दास, नीरज वर्मा सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत कोतवाली टिकैतनगर के कोतवाल मनोज कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।