रामनगर चौराहे पर महंत दिव्यागिरी का भव्य स्वागत, श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद
निष्पक्ष जन अवलोकन । राम शंकर वर्मा।
रामनगर। मुख्य हाईवे स्थित रामनगर चौराहे पर मनकामेश्वर मंदिर की महंत दिव्यागिरी के आगमन पर क्षेत्रीय लोगों ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। उनके पहुंचते ही “जय श्री राम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा चौराहा गूंज उठा। वातावरण पूरी तरह धार्मिक और भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के नेता सुनील सिंह सेवक ने अपने सहयोगियों के साथ महंत दिव्यागिरी को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया। स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान श्रद्धालुओं ने महंत जी के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
अपने संबोधन में महंत दिव्यागिरी ने सनातन धर्म की प्राचीन परंपराओं, उसकी गौरवशाली विरासत और समाज में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति हमें आपसी प्रेम, सद्भाव, सेवा और परोपकार का संदेश देती है। उन्होंने युवाओं से धर्म और संस्कृति से जुड़े रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में आदित्य टाइगर, राघवेंद्र सिंह, सतेंद्र सिंह, रणवीर सिंह, डब्लू, विकास सहित अन्य गणमान्य लोग एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्वागत कार्यक्रम के पश्चात श्रद्धालुओं ने महंत दिव्यागिरी से विभिन्न धार्मिक विषयों पर चर्चा भी की।
स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सुनील सिंह सेवक की सराहना करते हुए कहा कि संत-महंतों के सम्मान से क्षेत्र की धार्मिक प्रतिष्ठा बढ़ती है। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का विशेष वातावरण देखने को मिला।