बिल्सी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एक विशेष टीकाकरण अभियान का हुआ शुभारंभ
निष्पक्ष जन अवलोकन
बिल्सी (बदायूं): महिलाओं को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। बिल्सी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एक विशेष टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान का उद्घाटन क्षेत्रीय भाजपा विधायक हरीश शाक्य ने फीता काटकर किया। अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं के लिए एक गंभीर खतरा है, लेकिन सही समय पर टीकाकरण से इससे पूरी तरह बचा जा सकता है। यह अभियान अगले तीन महीने तक निरंतर चलेगा, ताकि क्षेत्र की अधिक से अधिक बालिकाओं को कवर किया जा सके। इस अभियान का मुख्य लक्ष्य 14 से 15 वर्ष तीन माह की किशोरियों को एचपीवी (HPV) वैक्सीन के माध्यम से सुरक्षित करना है। यह विशेष टीकाकरण अभियान आगामी 90 दिनों (तीन माह) तक प्रभावी रहेगा। टीकाकरण की सुविधा बिल्सी सीएचसी के साथ-साथ क्षेत्र के अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर भी उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा अधिकारियों डॉ अनिल कुमार गुप्ता ने जानकारी दी कि सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) भारत में महिलाओं में होने वाला दूसरा सबसे आम कैंसर है। समय पर लगाई गई वैक्सीन भविष्य में इस बीमारी के खतरे को काफी कम कर देती है। स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र के अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों का टीकाकरण अवश्य कराएं। इस अवसर पर स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉक्टर अनिल कुमार गुप्ता, आदित्य माहेश्वरी, मोहित गुप्ता, समेत भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे। विधायक शाक्य ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया और मरीजों को मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।









