बालाजी ज्योति यात्रा से भक्तिमय हुई बिल्सी नगरी,शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का जन सैलाब
निष्पक्ष जन अवलोकन
बदायूं/बिल्सी। नगर में सोमवार को श्री संकट मोचन दरबार के महंत पंडित संजय शर्मा द्वारा बालाजी धाम मेंहदीपुर से लाई गई पवित्र ज्योति का भव्य नगर भ्रमण शोभायात्रा के रूप में निकाला गया। सुबह 11 बजे प्रारंभ हुई यह यात्रा अंबियापुर से होते हुए मुख्य बाजार, बालाजी तिराहा मार्ग से गुजरती हुई मोहल्ला नंबर चार स्थित संकट मोचन दरबार पर संपन्न हुई। शोभायात्रा के दौरान पूरा नगर भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए ज्योति के साथ चल रहे थे, वहीं जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। धार्मिक नारों और भक्ति संगीत से वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक हो उठा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भक्तजन शामिल हुए और बालाजी महाराज के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने ज्योति के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और सुख-समृद्धि की कामना की। यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। इस भव्य आयोजन ने नगरवासियों के बीच धार्मिक एकता और आस्था की भावना को और मजबूत किया। संवाद









