बाबू जगजीवन राम जयंती पर सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन
निष्पक्ष जन अवलोकन | योगेश जायसवाल
लखनऊ । 05 अप्रैल 2026 को कौशलपुरी, खरगापुर में बाबू जगजीवन राम नेशनल फाउंडेशन, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से संस्था संकल्प सेवा संस्थान द्वारा बाबू जगजीवन राम जी की जयंती के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन तथा बाबू जगजीवन राम जी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके उपरांत बच्चों द्वारा गणेश वंदना एवं शिव स्तुति पर सुंदर नृत्य प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।
संस्था के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि ओ.पी. शर्मा तथा विशिष्ट अतिथियों नीरज शर्मा एवं योगेश जायसवाल का अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए समाज में समानता और सामाजिक न्याय की भावना को मजबूत करने पर बल दिया।
वक्ता छविनाथ पांडे ने बाबू जगजीवन राम जी के जीवन, संघर्ष और उनके सामाजिक योगदान पर विस्तृत जानकारी दी। वहीं मोहिनी कन्नौजिया एवं लक्ष्मी चौहान ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक दल द्वारा भजन, देशभक्ति गीत एवं बाबूजी के जीवन से संबंधित प्रस्तुतियां दी गईं। बच्चों—भव्या, अक्षिता, आरोही, सृष्टि, पूजा और सोनी—ने मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
इसके साथ ही बाबू जगजीवन राम जी के जीवन पर आधारित निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की माताओं को भी सम्मानित किया गया। सभी उपस्थित लोगों को मध्याह्न भोजन भी वितरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के अध्यक्ष नवीन प्रकाश ने सभी अतिथियों, सदस्यों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। मंच संचालन संध्या आलोक सक्सेना ने किया।
इस अवसर पर देवनाथ श्रीवास्तव, अशोक गुप्ता, रंजना सिंह, अमिता गुप्ता, रेनू मौर्या सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं अभिभावक उपस्थित रहे।









