प्रसव ऑपरेशन के दौरान महिला के शरीर में कॉटन छोड़ने का मामला

निष्पक्ष जन अवलोकन। रामशंकर वर्मा रामनगर, बाराबंकी। बाराबंकी के एक निजी अस्पताल पर प्रसव ऑपरेशन के दौरान महिला के शरीर में कॉटन/गॉज छोड़ने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता के परिजनों ने मामले की शिकायत अधिकारियों से कर जांच और कार्रवाई की मांग की है। नगर पंचायत रामनगर निवासी अजय पांडेय के अनुसार उनकी पुत्री शालू पांडेय को दो मार्च 2026 की रात प्रसव पीड़ा होने पर बाराबंकी स्थित न्यू सहारा हॉस्पिटल, खोया मंडी में भर्ती कराया गया था। पांच मार्च को अस्पताल में ऑपरेशन से पुत्री का जन्म हुआ। आरोप है कि 13 मार्च को डिस्चार्ज होने के बाद से ही शालू के पेट में लगातार तेज दर्द और अन्य दिक्कतें बनी रहीं। कई बार अस्पताल में शिकायत करने के बावजूद सही कारण नहीं बताया गया।परिजनों का कहना है कि 19 मई को अचानक महिला के यूरिन मार्ग से एक बड़ा टुकड़ा बाहर निकला। घबराए परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर ले गए, जहां चिकित्सक ने जांच और अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी। जांच में बच्चेदानी में सूजन पाई गई। बाहर निकले टुकड़े की जांच कराने पर उसके कॉटन/गॉज होने की बात सामने आई, जिसे ऑपरेशन के दौरान शरीर में छूट जाने का आरोप लगाया गया है।पीड़िता के पिता ने मामले को चिकित्सीय लापरवाही बताते हुए दोषी डॉक्टरों, अस्पताल प्रबंधन और संबंधित स्टाफ के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि समय रहते कॉटन बाहर नहीं निकलता तो संक्रमण फैलने से जान का खतरा हो सकता था।परिजनों ने बताया कि मामले से संबंधित जांच रिपोर्ट, दस्तावेज और बाहर निकले कॉटन/गॉज के फोटोग्राफ भी उपलब्ध हैं। वहीं, मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग से निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई गई है। सीएमओ अवधेश कुमार यादव ने बताया कि टीम गठित कर जाँच करवाई जाएगी सम्बंधित के खिलाफ कठोर कार्यवाई करेंगे।