जयमाल के दौरान हंगामा, दूल्हे पर मारपीट का आरोप; समझौते के बाद संपन्न हुई शादी
निष्पक्ष जन अवलोकन | रामशंकर वर्मा
रामनगर (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र के गणेशपुर कस्बे के पथरकट्टा समुदाय में बीते शुक्रवार एक शादी समारोह उस समय विवाद का कारण बन गया, जब बारात में शामिल कुछ लोगों के उत्पात से माहौल बिगड़ गया। बहराइच जनपद के मुराइनपुरवा से आई बारात देर रात करीब 12 बजे जनवासे पहुंची। आरोप है कि बारात में शामिल कुछ लोगों ने शराब के नशे में जमकर हंगामा किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात दो बजे के बाद भी डीजे की तेज आवाज से आसपास के लोग जाग गए और नाराजगी जताने लगे। द्वार पूजा के बाद जयमाल कार्यक्रम के दौरान मंच पर अत्यधिक भीड़ हो गई और लोग सेल्फी लेने लगे। इसी बीच किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। लड़की पक्ष का आरोप है कि दूल्हा नशे में था और उसने आपा खोते हुए दुल्हन को लात मार दी तथा ससुर सत्रोहन के साथ भी मारपीट की।
घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट शुरू हो गई। कुर्सियां टूट गईं और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थिति को नियंत्रित किया और घायल लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी बातचीत और नुकसान की भरपाई के आश्वासन के बाद विवाह की रस्में संपन्न कराई गईं।
ग्रामीणों का कहना है कि खुले में तेज आवाज में डीजे बजाने पर कड़ी रोक लगनी चाहिए, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है।