अरछा बरेठी में निकाली गई स्कूल चलो अभियान के तहत शिक्षा जागरूकता रैली
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट। विकास पथ सेवा संस्थान द्वारा ग्राम अरछा बरेठी के पूर्व माध्यमिक विद्यालय अरछा में स्कूल चलो अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों का सरकारी विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करना रहा। रैली को बीजेपी महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष दिव्या त्रिपाठी, समाजसेवी शंकर प्रसाद यादव एवं संस्थान के अध्यक्ष डॉ. प्रभाकर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान ग्रामीणों ने भी बच्चों के साथ गांव में भ्रमण कर अभियान का समर्थन किया। बच्चों के जोशीले नारों— “शिक्षित हो चित्रकूट सारा”, “पढ़ेगा चित्रकूट, बढ़ेगा देश”, “लड़कियों को दो पढ़ने का मौका”, “आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरूर जाएंगे” —से पूरा गांव गूंज उठा। नारों को सुनकर महिलाएं भी घरों से बाहर निकलकर रैली में शामिल हुईं। रैली जैसे ही गांव की गलियों में पहुंची, बच्चों के उत्साहपूर्ण नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। बच्चों की आवाज सुनकर घरों से महिलाएं भी बाहर निकल आईं और इस पहल का समर्थन किया। पूरे गांव में शिक्षा के प्रति एक सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ इस अवसर पर शंकर प्रसाद यादव ने कहा, “गांव का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, यह हम सभी की जिम्मेदारी है। शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे सशक्त माध्यम है।” वहीं भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष दिव्या त्रिपाठी ने कहा, “बेटी और बेटा दोनों को समान अवसर मिलना चाहिए। बालिकाओं की शिक्षा से ही समाज सशक्त और आत्मनिर्भर बनेगा।” संस्थान अध्यक्ष डॉ. प्रभाकर सिंह ने कहा, “हर बच्चे का स्कूल में नामांकन सुनिश्चित करना हमारा संकल्प है। जब तक हर बच्चा शिक्षित नहीं होगा, तब तक समग्र विकास संभव नहीं है।” कार्यक्रम के अंत में संस्थान के पदाधिकारियों ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का नामांकन सरकारी विद्यालयों में अवश्य कराएं, ताकि हर बच्चा शिक्षा का अधिकार प्राप्त कर सके और समाज का समग्र विकास हो सके कार्यक्रम में भाजपा नेत्री राखी चौबे, हंस फाउंडेशन की प्रोग्राम ऑफिसर राधा विश्वकर्मा, लवलेश सिंह, कमला शंकर शुक्ला, उमाशंकर शुक्ल व प्रधानाध्यापिका सुशीला सिंह सहित शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।









