चित्रकूट में 'सुपोषित उत्तर प्रदेश-सशक्त भारत' अभियान के तहत 486 सहायिका 4 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों नियुक्ति पत्र वितरित
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट।जनपद मे स्थित मल्टीपर्पज ऑडिटोरियम हॉल में सोमवार को सुपोषित उत्तर प्रदेश-सशक्त भारत मिशन के अंतर्गत जनपद चित्रकूट की 04 नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं 486 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी पुलकित गर्ग, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद (कर्वी) नरेन्द्र गुप्ता, अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक (बांदा/चित्रकूट) पंकज अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी डी.पी. पाल एवं अन्य अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी कर्मियों ने माननीय मुख्यमंत्री जी के संबोधन का सीधा सजीव प्रसारण (लाइव) भी देखा। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने नवनियुक्त कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर आम जनमानस का भरोसा निरंतर बढ़ रहा है। उन्होंने व्यक्तिगत उदाहरण साझा करते हुए बताया कि उनकी अपनी पुत्री भी आंगनबाड़ी केंद्र में शिक्षा ग्रहण कर रही है, जो इन केंद्रों की गुणवत्ता का प्रमाण है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी कर्मी प्रशिक्षण प्राप्त कर बच्चों की शारीरिक व मानसिक क्षमता के विकास पर ध्यान दें। उन्होंने डिजिटल सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि विभाग द्वारा प्रदत्त स्मार्टफ़ोन का उपयोग स्वयं करें ताकि कार्यों में पारदर्शिता आए। साथ ही, जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया गया कि सभी कर्मियों के मतदाता पहचान पत्र एवं आयुष्मान भारत कार्ड अनिवार्य रूप से बनवाए जाएं। मुख्य विकास अधिकारी डी.पी. पाल ने जानकारी दी कि जनपद के 1088 केंद्रों में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ मेरिट के आधार पर की गई है। आज के वितरण के पश्चात अब प्रत्येक केंद्र पर सहायिका की उपलब्धता सुनिश्चित हो गई है, जिससे पोषाहार वितरण और बच्चों के मूल्यांकन में सुगमता होगी। उन्होंने बताया कि जनपद में 07 नए आंगनबाड़ी भवनों का भी लोकार्पण किया गया है। सभी नवनियुक्त कर्मियों को 01 अप्रैल 2026 तक अपनी योगदान आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। अध्यक्ष नगर पालिका परिषद नरेन्द्र गुप्ता एवं अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक पंकज अग्रवाल ने कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना काल में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का योगदान अतुलनीय रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य के प्रति सरकार संवेदनशील है और भविष्य में मानदेय वृद्धि की कार्ययोजना भी प्रस्तावित है। कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री पी.डी. विश्वकर्मा ने अतिथियों का स्वागत पुष्प गुच्छ एवं 'एक जनपद एक उत्पाद' (ODOP) के निर्मित स्मृति चिन्ह भेंट कर किया। प्रतीकात्मक रूप से आंगनबाड़ी कार्यकत्री उर्मिला देवी, सुमैना देवी, रोशनी देवी, रीनू देवी तथा सहायिका राधा रानी, कोमल, बबिता, कुसुम सहित अन्य को मंच से नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर भाजपा नेता श सुरेश अनुरागी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेश द्विवेदी, डीसी मनरेगा डी.एन. पांडेय सहित सभी विकास खंडों के बाल विकास परियोजना अधिकारी एवं भारी संख्या में नवनियुक्त कर्मी उपस्थित रहे।









