36 मुकदमों में वांछित बदमाश कागजों में खुद को मृत घोषित कर पहचान बदलकर रह रहा था, पुलिस ने दबोचा

36 मुकदमों में वांछित बदमाश कागजों में खुद को मृत घोषित कर पहचान बदलकर रह रहा था, पुलिस ने दबोचा

निष्पक्ष जन अवलोकन।कमलेंद्र सिंह(शिवम् सिकरवार)   आगरा। आगरा पुलिस ने एक ऐसे अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसने खुद को सरकारी कागजों में मृत घोषित कर रखा था और पहचान बदलकर सामान्य जीवन बिता रहा था। आरोपी पर 36 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे और वह लंबे समय से फरार था। लेकिन थाना अछनेरा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके इस झूठ का पर्दाफाश कर दिया। भरतपुर जिले के थाना चिकसाना निवासी देव उर्फ जयदेव पुत्र महाराज सिंह तीन दर्जन मुकदमों में फरार था। पुलिस से बचने के लिए उसने अपनी पहचान बदल ली और आगरा के कागारौल थाना क्षेत्र के गांव सोनिगा में गुप्त रूप से रह रहा था। बताया जाता है कि आरोपी के खिलाफ थाना शाहगंज, एत्मादपुर और अछनेरा में लूट और हत्या जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। न्यायालय में हाजिर न होने के चलते आरोपी ने खुद को आधिकारिक रूप से मृत घोषित कर रखा था, ताकि पुलिस उसकी तलाश बंद कर दे। लेकिन शनिवार को थाना अछनेरा प्रभारी विनोद मिश्रा ने टीम बनाकर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।