विद्यालय में कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम का आयोजन किया गया
निष्पक्ष जन अवलोकन अजय रावत ।। सिरौलीगौसपुर बाराबंकी। पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय सहरी में शासन के निर्देशानुसार कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध करियर के अवसरों के प्रति जागरूक करना एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए उचित मार्गदर्शन प्रदान करना रहा। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग से मोहम्मद आसिफ, पुलिस विभाग से परामर्शदाता अश्विनी कुमार यादव तथा विधिक विभाग से अधिवक्ता श्री मनोज तिवारी ,निखिल कुमार ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न करियर विकल्पों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व, लक्ष्य निर्धारण तथा अपने रुचि के अनुसार सही करियर का चयन करने हेतु प्रेरित किया। इस दौरान एडवोकेट मनोज तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए परिश्रम, अनुशासन और सही मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने, नियमित अध्ययन करने तथा अपने अंदर छिपी प्रतिभा को पहचानकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी बताया कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो व्यक्ति को समाज में सम्मान और सफलता दिलाती है। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक सतगुरु सरण ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों से प्राप्त मार्गदर्शन का लाभ उठाने का आह्वान किया। इस अवसर पर सहायक अध्यापक सफीक अहमद, सचिन जायसवाल, निलेश कुमार तिवारी, प्रिया शुक्ला, अनुदेशक राजन कुमार वर्मा एवं कमरुज्जमा, आंगनवाड़ी कार्यकत्री तथा अभिभावकगण भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया तथा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में सहभागिता की।