नदी में तैरता मिला युवक का शव

नदी में तैरता मिला युवक का शव

निष्पक्ष जन अवलोकन। रामशंकर वर्मा रामनगर बाराबंकी। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़नपुर डीपो में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब शिमली चौका नदी में एक युवक का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंची रामनगर थाना पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी।मृतक की पहचान बडनपुर निवासी प्रवेश कुमार (53) पुत्र केशव राम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार प्रवेश कुमार शुक्रवार शाम घाघरा नदी में नहाने गए थे। वह अपने कपड़े और मोबाइल फोन नदी किनारे रखकर नदी में उतरे थे, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटे। काफी समय बीत जाने के बाद परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने आसपास खोजबीन शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद मामले की जानकारी ग्राम प्रधान को दी गई। शनिवार सुबह करीब 11 बजे ग्रामीणों ने शिमली चौका नदी में एक शव तैरता देखा। पास जाकर देखने पर शव प्रवेश कुमार का निकला। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह और चौकी इंचार्ज रजनीश कुमार पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। मौके पर पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक के पुत्र शिवम वर्मा ने बताया कि उनके पिता शुक्रवार शाम से लापता थे। शनिवार को नदी में उनका शव मिला। उन्होंने बताया कि नदी किनारे उनके कपड़े और मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि नहाते समय वह नदी में डूब गए। प्रधान प्रतिनिधि राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि प्रवेश कुमार मेहनत-मजदूरी और ठेलिया चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।