फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही पर डीएम सख्त, सिद्धपुर पंचायत का औचक निरीक्षण
निष्पक्ष जन अवलोकन/शिवसंपत करवरिया,
चित्रकूट। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने विकासखंड कर्वी के ग्राम पंचायत सिद्धपुर में संचालित फार्मर रजिस्ट्री कार्य का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री, राजस्व कार्यों तथा पंचायत सचिवालय की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण में पाया गया कि निर्धारित 328 के लक्ष्य के सापेक्ष 44 फार्मर रजिस्ट्री लंबित हैं। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित लेखपाल को आधार अप्रूवल प्रक्रिया तत्काल पूर्ण करने और लंबित नाम संशोधन उसी दिन निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्तर से प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा की जा रही है, इसलिए किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। किसानों से संपर्क कर उन्हें कैंप में बुलाकर शत-प्रतिशत रजिस्ट्री शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री न होने पर किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उर्वरक सब्सिडी सहित अन्य योजनाओं के लाभ से वंचित रह सकते हैं।
इसके बाद उन्होंने पंचायत सचिवालय के सौंदर्यीकरण व बुनियादी सुविधाओं का निरीक्षण किया। बाउंड्रीवॉल निर्माण भूमि विवाद के कारण रुका होने पर संबंधित अधिकारियों को समन्वय बनाकर तत्काल समाधान करने को कहा। लाइब्रेरी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तथा अन्नपूर्णा भवन के रैंप को मानक के अनुरूप सुधारने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान उपजिलाधिकारी कर्वी पूजा साहू, उपनिदेशक कृषि राजकुमार, ग्राम प्रधान रामकिंकर सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।









