डीएम का औचक निरीक्षण, छात्राओं की सुविधाओं पर जोर
निष्पक्ष जन अवलोकन रामसनेहीघाट, बाराबंकी। सोमवार को जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने क्षेत्र स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय (बालिका) सनौली (राजकीय आश्रम पद्धति) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के प्रशासनिक कक्ष, अभिलेखों और समस्त व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान डीएम ने शिक्षण व्यवस्था, छात्राओं की उपस्थिति, कंप्यूटर कक्ष, कक्षाओं, छात्रावास और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्राओं को बेहतर शिक्षा, सुरक्षा और आवश्यक सुविधाएं हर हाल में सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आश्रम पद्धति विद्यालयों का उद्देश्य जरूरतमंद छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बिजली बाधित होने की स्थिति में जनरेटर की व्यवस्था करने और स्मार्ट क्लास शुरू करने के भी निर्देश दिए, साथ ही आधुनिक शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने छात्राओं के साथ बैठकर भोजन किया और उसकी गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इस मौके पर विद्यालय परिसर में आम का पौधा भी रोपा गया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम अनुराग सिंह, नायब तहसीलदार उमेश द्विवेदी, बीडीओ डॉ. विनय कुमार मिश्रा, समाज कल्याण अधिकारी तथा सहायक विकास अधिकारी शैलेंद्र दुबे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।









