कानपुर देहात में मिलावटखोरों पर पुलिस का बड़ा प्रहार रनिया में 4000 लीटर संदिग्ध खाद्य तेल बरामद, संयुक्त टीम की छापेमारी से मचा हड़कंप

कानपुर देहात में मिलावटखोरों पर पुलिस का बड़ा प्रहार रनिया में 4000 लीटर संदिग्ध खाद्य तेल बरामद, संयुक्त टीम की छापेमारी से मचा हड़कंप

निष्पक्ष जन अवलोकन।

अंकित तिवारी।

कानपुर देहात। रनिया में मिलावटखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के निर्देश पर रनिया थाना क्षेत्र में संयुक्त टीम ने छापेमारी कर करीब 4000 लीटर संदिग्ध खाद्य तेल बरामद किया। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार प्रेम नगर और मंटोरा पुल के पास फ्रंटियर कंपनी के समीप एसओजी, सर्विलांस टीम और रनिया पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। इस दौरान मौके से 20 ड्रमों में भरा संदिग्ध खाद्य तेल बरामद किया गया। आशंका जताई जा रही है कि तेल की मिलावट कर बाजार में सप्लाई की जा रही थी। कार्रवाई की सूचना मिलते ही खाद्य रसद विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और तेल के नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए। अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बताया गया कि यह अभियान एडीजी कानपुर जोन, डीआईजी कानपुर रेंज और एसपी कानपुर देहात के निर्देशन में चलाया जा रहा है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई से मिलावटखोरों में खौफ का माहौल है। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि जनपद में खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और आम जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।