उत्तर प्रदेश सरकार के आगामी बजट से शिक्षक, अनुदेशक एवं शिक्षामित्रों को बड़ी उम्मीदें

उत्तर प्रदेश सरकार के आगामी बजट से शिक्षक, अनुदेशक एवं शिक्षामित्रों को बड़ी उम्मीदें

निष्पक्ष जन अवलोकन अजय रावत।। बाराबंकी।: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शीघ्र प्रस्तुत किए जाने वाले आगामी बजट को लेकर प्रदेश के शिक्षक, अनुदेशक एवं शिक्षामित्र वर्ग में खास उम्मीदें हैं। यह वर्ग लंबे समय से वेतन, मानदेय, सेवा-सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं के समाधान की आशा लगाए हुए है। शिक्षकों का कहना है कि बढ़ती महंगाई को देखते हुए वेतन एवं भत्तों में यथोचित वृद्धि, पदोन्नति की प्रक्रिया में तेजी तथा कार्यभार को संतुलित करने के लिए बजट में ठोस प्रावधान किए जाने चाहिए। इसके साथ ही शिक्षक वर्ग इनकम टैक्स स्लैब में वृद्धि तथा पुरानी पेंशन योजना को बहाल किए जाने की भी मांग कर रहा है। अनुदेशक एवं शिक्षामित्र वर्ग आगामी बजट में मानदेय वृद्धि, नियमितीकरण की दिशा में ठोस नीति, चिकित्सीय अवकाश, भविष्य निधि एवं सेवानिवृत्ति लाभ जैसी घोषणाओं की उम्मीद लगाए हुए है। डॉ. राकेश सिंह, जिलाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ, बाराबंकी ने कहा कि आगामी बजट में यदि शिक्षकों, अनुदेशकों एवं शिक्षामित्रों की आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाती है, तो इसका सकारात्मक प्रभाव पूरी शिक्षा व्यवस्था पर पड़ेगा और शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार होगा। इसके बाद उमा नाथ मिश्रा, जिला मंत्री, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, बाराबंकी ने बताया कि यदि सरकार इस बजट में शिक्षक, अनुदेशक एवं शिक्षामित्र हितैषी निर्णय लेती है, तो इससे इन वर्गों का मनोबल बढ़ेगा और शिक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। वहीं राजेश श्रीवास्तव, जिला कोषाध्यक्ष, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, बाराबंकी ने कहा कि आयकर स्लैब में राहत एवं पेंशन व्यवस्था को मजबूत किए जाने से शिक्षक वर्ग को बड़ी राहत मिलेगी। इसी क्रम में दिलीप तिवारी, अध्यक्ष, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, सिरौलीगौसपुर, बाराबंकी ने कहा कि यदि इस बजट में शिक्षकों, अनुदेशकों एवं शिक्षामित्रों की वर्षों पुरानी मांगों का समाधान किया जाता है, तो यह बजट शिक्षा जगत के लिए ऐतिहासिक सिद्ध होगा। शिक्षा जगत की निगाहें प्रदेश सरकार के आगामी बजट पर टिकी हैं और सभी वर्गों को ठोस व राहतपूर्ण घोषणाओं की उम्मीद है।