अरछा बरेठी में लगी चकबंदी चौपाल, मौके पर ही कई समस्याओं का हुआ समाधान
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट। जिलाधिकारी के निर्देशन में चकबंदी विभाग द्वारा विकास खंड पहाड़ी क्षेत्र के ग्राम अरछा बरेठी में चकबंदी चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों और ग्रामीणों की भूमि संबंधी समस्याओं व वादों को सुना गया। चौपाल में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने अपने मुद्दे अधिकारियों के सामने रखे, जिनमें से कई का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। चौपाल में चकबंदी अधिकारी शरद चंद्र यादव स्वयं उपस्थित रहे। उन्होंने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने का प्रयास किया। इस दौरान कई वादों और शिकायतों का तत्काल निपटारा किया गया, जबकि शेष समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया। सहायक चकबंदी अधिकारी रामाकांत यादव ने बताया कि गांव में पर्चा-5 वितरण के बाद उत्पन्न हुई दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए चौपाल आयोजित की गई थी। उन्होंने कहा कि अधिकांश समस्याओं का समाधान मौके पर कर दिया गया है और जो मामले शेष हैं, उनका भी शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा। चौपाल में चकबंदीकर्ता देवेंद्र सिंह पटेल, रमेश चंद्र वर्मा और चकबंदी लेखपाल शिववरन अनुराग गुप्ता सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में किसान और ग्रामीण शामिल हुए। गौरतलब है कि इस बार चौपाल की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए गए। समाजसेवी शंकर प्रसाद यादव ने इसकी सूचना व्यापक स्तर पर प्रसारित कराई। पूरे गांव में दिग्गी पिटवाकर दो दिन पहले से ही लोगों को चौपाल की जानकारी दी गई, जिसके चलते भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित होकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रख सके।









