व्यापारी पुत्र हत्याकांड पर उबाल, विनोद केसरवानी ने खोला मोर्चा
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। - दूसरे आरोपी के एनकाउंटर की मांग चित्रकूट। बरगढ़ कस्बे में व्यापारी के 13 वर्षीय बेटे की अपहरण के बाद हत्या से पूरे जनपद में आक्रोश फैल गया है। इस मामले को लेकर समाजसेवी विनोद केसरवानी ने खुलकर मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह मासूम बच्चे का खून लहूलुहान हालत में बहता देखा गया, उससे चित्रकूट की जनता को गहरा दुख और आक्रोश है। विनोद केसरवानी ने साफ शब्दों में कहा कि जब तक इस जघन्य अपराध में शामिल बचे हुए आरोपी इरफान का भी पुलिस एनकाउंटर नहीं होता, तब तक लोगों को तसल्ली नहीं मिलेगी। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे जघन्य अपराध करने वालों के प्रति किसी भी तरह की नरमी क्यों बरती जा रही है। बताया जा रहा है कि बरगढ़ कस्बे के व्यापारी अशोक केसरवानी के पुत्र आयुष का अपहरण कर हत्या करने वाले आरोपियों में से एक कल्लू नामक अपराधी को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया है, जबकि दूसरा आरोपी इरफान पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद घायल हो गया, जिसका इलाज प्रयागराज में चल रहा है। इधर, कुछ लोगों का आरोप है कि पोस्टमार्टम के दौरान मीडिया को भी अंदर जाने नहीं दिया गया, जिससे पूरे मामले को लेकर संदेह और नाराजगी और बढ़ गई है। इस पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं। विनोद केसरवानी ने व्यापार मंडल पर भी निशाना साधते हुए कहा, “इतनी बड़ी घटना के बाद व्यापार मंडल कहां है? वह क्यों आवाज नहीं उठा रहा?” उन्होंने कहा कि अगर व्यापारी समाज के बच्चे भी सुरक्षित नहीं हैं, तो फिर व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। इस घटना के बाद से क्षेत्र में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोग सख्त कार्रवाई और त्वरित न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन पर दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है, वहीं पूरे जनपद में यह मामला चर्चा का केंद्र बना हुआ है।