महिला उत्पीड़न मामलों में त्वरित न्याय के लिए राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान करेंगी जनसुनवाई

निष्पक्ष जन अवलोकन। कमलेंद्र सिंह(शिवम् सिकरवार)। आगरा। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान 11 फरवरी को आगरा में महिला जनसुनवाई करेंगी। यह जनसुनवाई पूर्वाह्न 11:00 बजे नवीन सर्किट हाउस में आयोजित की जाएगी। इस दौरान महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की समीक्षा की जाएगी और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। जनसुनवाई में पुलिस आयुक्त या उनके द्वारा नामित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, महिला थाना प्रभारी, संबंधित थानों के क्षेत्राधिकारी और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे। वे अपने-अपने विभागों से संबंधित जानकारी प्रस्तुत करेंगे और प्राप्त शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया जाएगा। महिला उत्पीड़न से पीड़ित महिलाएं इस जनसुनवाई में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याओं को रख सकती हैं और न्याय प्राप्त कर सकती हैं।