हीटवेव को लेकर प्रशासन अलर्ट, सार्वजनिक स्थलों पर शीतल पेयजल व छांव की व्यवस्था
दैनिक निष्पक्ष जन अवलोकन।
शिवम् सिकरवार ब्यूरो चीफ आगरा।
आगरा। भीषण गर्मी और हीटवेव की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देश पर नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों में आमजन को राहत देने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड, श्रमिक अड्डों, टैक्सी-ऑटो स्टैंड और सार्वजनिक स्थलों पर ग्रीन नेट, शेड, शीतल पेयजल, वाटर कूलर और पानी के घड़ों की व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी हीटवेव और प्रतिकूल मौसम की चेतावनी के मद्देनजर सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। राहत आयुक्त उत्तर प्रदेश की ओर से प्राप्त 33 लाख रुपये की धनराशि से सभी नगरीय निकायों में गर्मी से बचाव के इंतजाम कराए गए हैं।
उन्होंने आमजन से अपील की कि दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक तेज धूप में निकलने से बचें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं और धूप में निकलते समय सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढककर रखें। साथ ही ओआरएस, नींबू पानी, छाछ, लस्सी और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है। सभी अस्पतालों में आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए विशेष वार्ड बनाए गए हैं और डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। वहीं निराश्रित गौ आश्रय स्थलों पर शीतल पेयजल, छाया और हरे चारे की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार सभी नगरीय निकायों में हीटवेव से बचाव के लिए आश्रय स्थल स्थापित कर दिए गए हैं। ग्राम पंचायतों में भी सार्वजनिक स्थलों, हाट-पैठ और सामुदायिक केंद्रों पर पानी के मटके और छांव की व्यवस्था कराई जा रही है। सामाजिक संस्थाओं और स्वयंसेवी संगठनों का सहयोग लेकर श्रमिकों और यात्रियों के लिए प्याऊ और राहत केंद्र संचालित किए जा रहे हैं।
आगरा पर्यटन नगरी होने के कारण पर्यटक स्थलों पर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। वहीं बढ़ती गर्मी को देखते हुए आगामी एक सप्ताह तक स्कूल बंद रखने और ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि गर्मी के दौरान अधिक श्रम वाले कार्यों से बचें, बासी भोजन और अधिक प्रोटीन युक्त आहार का सेवन न करें तथा शराब, चाय, कॉफी और कार्बोनेटेड पेय पदार्थों से दूरी बनाए रखें।









