नदी में डूबे युवक की तलाश जारी

नदी में डूबे युवक की तलाश जारी

निष्पक्ष जन अवलोकन। रत्नाकर पाण्डेय। टिकैत नगर, बाराबंकी। थाना क्षेत्र अंतर्गत उमराहरा गांव निवासी राजेन्द्र प्रताप सिंह का 22 वर्षीय पुत्र आयुष प्रताप सिंह अपने पिता को नदी पार खाना देने जा रहा था। बताया जा रहा है कि नाव न आने के कारण वह वहां मौजूद अन्य बच्चों के साथ नदी में नहाने लगा। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में सर्च अभियान शुरू कराया गया। देर रात तक युवक का शव बरामद नहीं हो सका, जिसके चलते तलाश अभियान लगातार जारी रहा। मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी जटाशंकर मिश्रा ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और आश्वासन दिया कि युवक की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस एवं प्रशासन की टीम लगातार नदी में खोजबीन में जुटी हुई है।