सीएम डैशबोर्ड समीक्षा में कमिश्नर सख्त, विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
निष्पक्ष जन अवलोकन।
शिवम् सिकरवार ब्यूरो चीफ आगरा।
आगरा। मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप की अध्यक्षता में गुरुवार को लघु सभागार में मंडलीय सीएम डैशबोर्ड एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विकास योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को रैंकिंग सुधारने और लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा में बताया गया कि अप्रैल माह की रैंकिंग में आगरा 57वें, मैनपुरी 34वें, मथुरा 29वें और फिरोजाबाद 23वें स्थान पर रहा। इस पर मंडलायुक्त ने मुख्यमंत्री आवास योजना, फैमिली आईडी, व्यक्तिगत शौचालय निर्माण और आईसीडीएस पोषण अभियान की प्रगति सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने नई सड़कों के निर्माण और लोक शिकायतों से जुड़े कार्यों की टाइमलाइन अपडेट कर रैंकिंग बेहतर करने को कहा।
पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान आगरा के फतेहपुरा, किरावली और फतेहाबाद स्थित कान्हा गौशालाओं में विद्युत कनेक्शन लगाए जाने के निर्देश दिए गए। साथ ही लिंक गोचर भूमि और हरे चारे की उपलब्धता बढ़ाने पर जोर दिया गया। निराश्रित गोवंश सहभागिता योजना के लंबित भुगतान जल्द जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
पंचायती राज विभाग की समीक्षा में आगरा के शेष सात गांवों को ओडीएफ प्लस मॉडल ग्राम बनाने के निर्देश दिए गए। वहीं बेसिक शिक्षा विभाग में मंडल के सात परिषदीय विद्यालयों में बाउंड्रीवाल निर्माण पूरा कराने और 1081 विद्यालयों को फर्नीचर से संतृप्त करने के निर्देश दिए गए। अप्रैल माह में नामांकित सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में सामने आया कि आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा और मैनपुरी में बड़ी संख्या में परिवार ऐसे हैं, जिनके पास आयुष्मान कार्ड नहीं हैं। वरिष्ठ नागरिकों के कार्ड बनाए जाने की प्रगति भी धीमी पाई गई। इस पर मंडलायुक्त ने अभियान चलाकर लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और सरकारी भवनों पर सोलर रूफटॉप स्थापना की धीमी प्रगति पर भी मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में 50 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की भी समीक्षा हुई। आगरा के लेडी लायल महिला चिकित्सालय विस्तार योजना, शिल्पग्राम यूनिटी मॉल निर्माण और जल आपूर्ति परियोजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। मथुरा में निर्माणाधीन सर्किट हाउस और एसटीपी एप्रोच रोड कार्यों में तेजी लाने को कहा गया।
बैठक से पूर्व वन विभाग ने जुलाई में प्रस्तावित वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि आगरा मंडल में 1.64 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए 75 पौधशालाओं में 2.42 करोड़ पौधे उपलब्ध हैं।
बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त उमेश मणि त्रिपाठी, आगरा जिलाधिकारी मनीष बंसल, मथुरा जिलाधिकारी सी पी सिंह, फिरोजाबाद जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, मैनपुरी जिलाधिकारी इन्द्रमणि त्रिपाठी समेत मंडल के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद









