कार-ऑटो भिड़ंत में विवाद के बाद चली गोली, ऑटो चालक घायल; एक हमलावर गिरफ्तार, दूसरा फरार

न्यू आगरा के नगला पदी क्षेत्र की घटना, पुलिस ने कुछ घंटों में दबोचा एक आरोपी, तमंचा और कारतूस बरामद

कार-ऑटो भिड़ंत में विवाद के बाद चली गोली, ऑटो चालक घायल; एक हमलावर गिरफ्तार, दूसरा फरार

निष्पक्ष जन अवलोकन।कमलेंद्र सिंह(शिवम् सिकरवार) आगरा। न्यू आगरा क्षेत्र स्थित नगला पदी में बुधवार को मामूली सड़क हादसे के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कार और ऑटो की टक्कर के बाद हुए झगड़े में कार सवार युवकों ने ऑटो चालक पर तमंचे से गोली चला दी। गोली ऑटो चालक की जांघ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना 23 अप्रैल की बताई जा रही है। विद्या नगर, नगला पदी निवासी जवाहर लाल रोज़ की तरह अपने ऑटो से सवारियां लेकर केंद्रीय हिंदी संस्थान से खंदारी की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसकी ऑटो की टक्कर एक कार से हो गई। कार में जगदीश और अजय यादव नाम के दो युवक सवार थे। टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी और गाली-गलौज हुई, लेकिन जवाहर लाल सवारियां लेकर आगे बढ़ गया। कुछ देर बाद जब जवाहर लाल लौटकर उसी रास्ते से गुजरा, तो आरोपी युवक रास्ते में पहले से मौजूद थे। उन्होंने ऑटो को रुकवा कर जबरन जवाहर लाल को बाहर खींच लिया और मारपीट शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ गया कि अजय यादव नामक युवक ने तमंचे से जवाहर लाल पर फायर कर दिया। गोली सीधे उसकी जांघ में लगी। सूचना पर सक्रिय हुई न्यू आगरा थाना पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर कुछ ही घंटों में अजय यादव को अबुल उलाह दरगाह के पास पुल के नीचे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। पकड़ा गया आरोपी सूर्यलोक कॉलोनी, खंदारी का निवासी है, जबकि फरार आरोपी इंद्रा नगर, न्यू आगरा का रहने वाला बताया जा रहा है। थाना न्यू आगरा प्रभारी ने बताया कि घायल ऑटो चालक की हालत स्थिर है और दूसरे हमलावर की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।