8 साल में उत्तर प्रदेश ने विकास की नई उड़ान भरी: विधायक भगवान सिंह कुशवाहा

8 साल में उत्तर प्रदेश ने विकास की नई उड़ान भरी: विधायक भगवान सिंह कुशवाहा

निष्पक्ष जन अवलोकन। शिवम् सिकरवार आगरा। खेरागढ़। उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के आठ साल पूरे होने पर खेरागढ़ विधायक भगवान सिंह कुशवाहा ने गुरुवार को राघव मैरिज होम में प्रेस वार्ता कर सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने कहा कि बीते आठ वर्षों में प्रदेश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। अपराध पर नियंत्रण, बुनियादी ढांचे का विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए उत्तर प्रदेश को अग्रणी राज्यों की कतार में खड़ा कर दिया गया है। विधायक ने कहा कि खेरागढ़ क्षेत्र में गंगाजल परियोजना के तहत 'हर घर जल' योजना तेजी से पूरी की जा रही है। इससे ग्रामीण इलाकों तक शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी परिवार पानी की कमी से न जूझे। विधायक ने प्रदेश में महिला सुरक्षा को लेकर किए गए कार्यों पर जोर देते हुए कहा कि अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजने में सरकार ने कोई समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियों को अब भयमुक्त माहौल मिल रहा है। महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पिंक बूथ, एंटी रोमियो स्क्वॉड और फास्ट ट्रैक कोर्ट जैसी योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सरकारी स्कूलों को निजी स्कूलों की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। छात्र-छात्राओं की शिक्षा को और प्रभावी बनाने के लिए अभिभावक गोष्ठी कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। वहीं, स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी सरकार गंभीर है। खेरागढ़ में 100 बेड का आधुनिक अस्पताल बनाया जा रहा है, जो जल्द ही जनता को समर्पित किया जाएगा। विधायक ने कहा कि खेरागढ़ में सरकारी बस स्टैंड के लिए जमीन स्वीकृत हो चुकी है और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा। सड़कों का चौड़ीकरण, स्ट्रीट लाइट्स की व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर सरकार लगातार काम कर रही है। विधायक ने कहा कि सरकार हर गरीब, किसान, मजदूर और युवा को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। "यह सिर्फ शुरुआत है, आने वाले वर्षों में खेरागढ़ और पूरे उत्तर प्रदेश में विकास की गति और तेज होगी," उन्होंने कहा। प्रेस वार्ता में ब्लॉक प्रमुख अनिल सिकरवार, ब्लॉक प्रमुख वीरेंद्र तोमर, श्रीकांत त्यागी, चेयरमैन कुलदीप गर्ग, संतोष सिकरवार, दिनेश गोयल, देवेंद्र वर्मा, लवलेश कुमार, कपिल जिंदल, प्रमोद कुशवाह, पवन सिकरवार, देवेंद्र सिकरवार, सुरेश सिकरवार, श्यामवीर सिंह, सोबरन कुशवाहा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।