होली पर्व को लेकर बाजारों में रौनक चरम पर
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर(बाराबंकी) होली पर्व को लेकर बाजारों में रौनक चरम पर है।कस्बे के प्रमुख बाजारों और गलियों में मिठाई, अबीर-गुलाल तथा कपड़ों की दुकानों पर विशेष सजावट की गई है।रंगों के इस महा पर्व को लेकर व्यापारियों में उत्साह है और ग्राहकों की बढ़ती भीड़ से बाजार गुलजार हो उठे हैं। होली के मद्देनजर मिठाई दुकानों पर गुजिया, नमक पारे, बालूशाही, लड्डू और विभिन्न प्रकार की ड्राई फ्रूट से बनी मिठाइयां सजाई गई हैं।शम्मी गुप्ता की मिठाई दुकान सहित अन्य दुकानदारों का कहना हैकि हर वर्ष की तरह इस बार भी शुद्धता और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मिठाइयों की खुशबू से बाजार का माहौल और भी आकर्षक हो गया है। अबीर-गुलाल की दुकानों पर रंग-बिरंगे गुलाल, हर्बल रंग और खुशबूदार अबीर की विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध है। बच्चे और युवा रंगों की खरीदारी में व्यस्त दिख रहे हैं।एतराम किराना सहित अन्य दुकानदारों ने बतायाकि इस बार हर्बल और त्वचा के अनुकूल रंगों की मांग अधिक है, जिसके लिए विशेष स्टॉक मंगाया गया है। कपड़ों की दुकानों पर होली के लिए विशेष कलेक्शन सजाया गया है।महिलाओं के लिए रंग-बिरंगी साड़ियां, सूट और चुनरी, जबकि पुरुषों के लिए कुर्तापायजामा और बच्चों के लिए आकर्षक परिधान उपलब्ध हैं। कई दुकानों पर छूट और विशेष ऑफर भी दिए जा रहे हैं, जिससे ग्राहकों की संख्या में वृद्धि हुई है। कुल मिलाकर, फतेहपुर कस्बे में होली को लेकर उत्सव जैसा माहौल है।बाजारोंकी चहल-पहल और दुकानों की सजावट यह स्पष्ट दर्शाती है कि लोग इस पर्व को हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।