पी डब्लू डी का डाक बंगला रामनगर मरम्मत की देख रहा राह
अजय रावत निष्पक्ष जन अवलोकन रामनगर। अंग्रेजों के जमाने में निर्मित बुढ़वल रेलवे स्टेशन रोड स्थित डाक बंगला आज भी अधिकारियों, मंत्रियों, न्यायिक अधिकारियों तथा अन्य विशिष्ट अतिथियों के रुकने का प्रमुख केंद्र है लेकिन लंबे समय से मरम्मत न होने के कारण इसकी स्थिति जर्जर होती जा रही है। पीडब्लू डी निर्माण खंड एक की देखरेख वाले इस डाक बंगले में बरसात के दौरान बरामदे की छत से पानी टपकने की समस्या बनी रहती है। सामान्य कक्ष से जुड़े शौचालयों के पल्ले उखड़ रहे हैं जिससे उन्हें बंद करना मुश्किल हो गया है। भवन में मौजूद तीनों शौचालयों के पल्लो की स्थिति खराब बताई जा रही है। पेयजल व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। यहां वाटर कूलर की सुविधा नहीं है और बिजली रहने पर ही मोटर के माध्यम से पानी उपलब्ध हो पाता है। परिसर में लगा नल भी खराब पड़ा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि डाक बंगला आज भी महत्वपूर्ण सरकारी मेहमानों के उपयोग में आता है इसलिए इसकी समय रहते मरम्मत कराई जानी चाहिए। विभाग द्वारा डाक बंगले के निकट नए भवन निर्माण का प्रस्ताव भी भेजा गया था लेकिन उसे अभी तक स्वीकृति नहीं मिल सकी है। ऐसे में पुराने भवन की मरम्मत और मूलभूत सुविधाओं के सुधार की आवश्यकता महसूस की जा रही है। डाक बंगले की मरम्मत, पेयजल व बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा शौचालयों की स्थिति सुधारने की मांग की है ताकि यहां आने वाले अतिथियों को बेहतर सुविधाएं मिलती रहे।









