स्कूल बस से उतरते समय हादसा, घायल छात्र के मामले में बीईओ ने मांगा स्पष्टीकरण
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल निंदूरा (बाराबंकी)। स्कूल बस के नीचे आकर घायल हुए छात्र के मामले में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने बीईओ को पत्र जारी किया है। बीईओ ने स्कूल प्रबंधन से मामले में स्पष्टीकरण मांगा है। कुर्सी क्षेत्र के हबीबपुर निवासी पंकज का छह वर्षीय पुत्र आरुष एक निजी स्कूल में एलकेजी का छात्र है। स्कूल से छुट्टी होने के बाद बस छात्र को उसके घर छोड़ने गई थी। छात्र जैसे ही बस से नीचे उतरा, चालक ने बस बढ़ा दी और वह बस के नीचे आ गया। घायल छात्र को परिजनों ने लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पिछले 15 दिनों से उसका इलाज चल रहा है। मामले को संज्ञान में लेते हुए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने खंड शिक्षा अधिकारी को पत्र जारी किया है। बीईओ ने बताया कि घायल छात्र के अभिभावक कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं, लेकिन प्रबंधन से पूरे मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है।









