गलत स्थान पर बालू खनन से गांव बचाव परियोजना पर मंडराया खतरा

गलत स्थान पर बालू खनन से गांव बचाव परियोजना पर मंडराया खतरा

अजय रावत निष्पक्ष जन अवलोकन बाराबंकी। जिले की तहसील रामनगर क्षेत्र के सिसौंडा ग्राम पंचायत में स्वीकृत बालू खनन पट्टे की आड़ में खनन माफियाओं द्वारा दूसरी ग्राम पंचायत तपेसिपाह के कोरियन पुरवा क्षेत्र में बालू खनन किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्धारित पट्टा क्षेत्र के बजाय गांव बचाव परियोजना के निकट खनन कराया जा रहा है जिससे बाढ़ सुरक्षा कार्यों पर खतरा उत्पन्न हो गया है। बताया जाता है कि कोरियन पुरवा में बाढ़ कार्य खंड द्वारा गांव को कटान से बचाने के लिए लाखों रुपये की लागत से गांव बचाव परियोजना का निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार खनन कर्ता इसी परियोजना से लगभग 100 मीटर पूरब बालू खनन करते चले आ रहे हैं। रविवार को ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर खननकर्ताओं से निर्धारित पट्टा क्षेत्र में ही खनन करने की बात कही, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई।ग्रामीणों का कहना है कि यदि गांव बचाव परियोजना के समीप इसी प्रकार खनन जारी रहा तो नदी के कटान का खतरा बढ़ जाएगा। इससे न केवल कोरियन पुरवा गांव प्रभावित होगा बल्कि लाखों रुपये की लागत से बन रही परियोजना भी नदी की धारा में समा सकती है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कराकर स्वीकृत पट्टा क्षेत्र में ही खनन सुनिश्चित कराने तथा परियोजना के आसपास हो रहे खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बरसात के दौरान गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं। डी एम समेत मुख्यमंत्री को शिकायत देने की बात बताई गई है।