कागजों में चल रहा मनरेगा का काम, मौके पर सन्नाटा—अधिकारियों की मिलीभगत का आरोप

कागजों में चल रहा मनरेगा का काम, मौके पर सन्नाटा—अधिकारियों की मिलीभगत का आरोप

निष्पक्ष जन अवलोकन पचपेड़वा विकासखंड के बलरामपुर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत बानगढ़ पिपरी में मनरेगा कार्यों में बड़े पैमाने पर अनियमितता सामने आई है। ग्रामीणों के अनुसार कुला खुदाई का कार्य सिर्फ कागजों में संचालित दिखाया जा रहा है, जबकि हकीकत में मौके पर कोई काम नहीं हो रहा। आरोप है कि केवल फोटो खींचकर औपचारिकता पूरी कर ली जाती है और बाद में कागजों में कार्य पूर्ण दिखा दिया जाता है। मीडिया टीम जब पिपरी मदरसा के पास स्थित कार्य स्थल पर पहुंची तो वहां न कोई मजदूर मिला, न ही कोई उपकरण जैसे कुदाल, फावड़ा या अन्य निर्माण सामग्री दिखाई दी। पूरे स्थल पर सन्नाटा पसरा था, जिससे साफ जाहिर होता है कि कार्य वास्तविक रूप से नहीं कराया जा रहा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में ग्राम प्रधान कृष्ण यादव, सचिव विनोद कुमार और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से फर्जी तरीके से भुगतान निकालने का खेल चल रहा है। वहीं जब इस संबंध में खंड विकास अधिकारी (वीडीओ) मोहित दुबे से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। यह स्थिति तब है जब मुख्यमंत्री द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जनप्रतिनिधियों और संवाददाताओं के कॉल का समय पर जवाब दिया जाए। मुख्यमंत्री के आदेशों की अनदेखी करते हुए जिम्मेदार अधिकारी संवाददाता से दूरी बनाए हुए हैं, जिससे संदेह और गहरा हो रहा है कि कहीं न कहीं गड़बड़ी को छिपाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, जब एपीओ ओमकार पांडे से संपर्क किया गया तो उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।