रास्ते के विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, कई घायल

निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। क्षेत्र के प्यारेपुर गांव में रास्ते के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले। घटना में एक पक्ष से मोहम्मद गुफ्रान (22), सलमान (18), इरशाद (17), समशुद्दीन (45) और मुख्तार (40) घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से अनीश (28), मेराज (58), आशिया (35) और रुकसाना (27) गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। सभी घायलों को एंबुलेंस से फतेहपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां रुकसाना की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि रास्ते को लेकर विवाद काफी समय से चल रहा था। पुलिस ने पहले भी दोनों पक्षों को थाने बुलाकर शांतिभंग की कार्रवाई की थी, लेकिन फिर कहासुनी बढ़ने पर मामला हिंसक हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।