प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त का हस्तांतरण: जनपद चित्रकूट के 1.13 लाख से अधिक किसान लाभान्वित
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट।माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आज असम के गुवाहाटी से एक भव्य कार्यक्रम के दौरान बटन दबाकर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) की 22वीं किस्त का डिजिटल हस्तांतरण किया गया। इस योजना के अंतर्गत देश के 9 करोड़ 32 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में ₹18,640 करोड़ से अधिक की धनराशि सीधे हस्तांतरित। (DBT) की गई। जनपद चित्रकूट में इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में देखा गया, जहाँ जिलाधिकारी पुलकित गर्ग, अध्यक्ष डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव बैंक पंकज अग्रवाल, जिला महामंत्री डॉ. अश्विनी अवस्थी, नगर अध्यक्ष रवि गुप्ता एवं उप कृषि निदेशक राजकुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कृषक भाई उपस्थित रहे। पीएम किसान योजना के तहत अब तक कुल ₹4.09 लाख करोड़ से अधिक की सम्मान राशि सीधे किसानों के खातों में भेजी जा चुकी है। जनपद के 1,13,092 किसानों को इस किस्त के माध्यम से कुल ₹22,61,84,000 (बाइस करोड़ इकसठ लाख चौरासी हजार रुपये) की धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में प्राप्त हुई। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के लाभों पर चर्चा की और कृषि क्षेत्र में इसके सकारात्मक प्रभावों को रेखांकित किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी व माननीय जनप्रतिनिधियों द्वारा किसानधाइयों को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर उप कृषि निदेशक राजकुमार ने उपस्थित अतिथिगणों, बैंक पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कृषक भाइयों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि यह योजना सीमांत एवं लघु किसानों के लिए खेती की आकस्मिक जरूरतों को पूरा करने में अत्यंत सहायक सिद्ध हो रही है।









