गोरखपुर: टीईटी-2026 परीक्षा केंद्रों का डीएम और एसएसपी ने किया निरीक्षण

गोरखपुर में टीईटी-2026 परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने 32 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गोरखपुर: टीईटी-2026 परीक्षा केंद्रों का डीएम और एसएसपी ने किया निरीक्षण
गोरखपुर में टीईटी-2026 परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करते जिलाधिकारी दीपक मीणा एवं एसएसपी डॉ. कौस्तुभ।
गोरखपुर: टीईटी-2026 परीक्षा केंद्रों का डीएम और एसएसपी ने किया निरीक्षण

विभव पाठक, ब्यूरो चीफ

निष्पक्ष जन अवलोकन 

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी, नकलविहीन और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी दीपक मीणा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने रविवार को जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए केंद्र व्यवस्थापकों, कक्ष निरीक्षकों और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनपद में टीईटी-2026 के लिए कुल 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने एडी गर्ल्स इंटर कॉलेज, सेंट एंड्रयूज डिग्री कॉलेज सहित शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों, प्रवेश व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं कक्ष निरीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों के प्रयोग, नियमों के उल्लंघन अथवा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सभी सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को भी निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों का लगातार भ्रमण करते रहें और किसी भी शिकायत या अनियमितता की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करें। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुचारु बनाए रखने के भी निर्देश दिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा अभ्यर्थियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि टीईटी-2026 परीक्षा को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं तथा प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की सतत निगरानी बनी हुई है।