गोरखपुर पुलिस के बहादुर श्वान 'उत्लम' को नम आंखों से अंतिम विदाई, एसएसपी ने दी श्रद्धांजलि

गोरखपुर पुलिस के डॉग स्क्वाड के बहादुर श्वान 'उत्लम' के निधन पर पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि दी गई। एसएसपी समेत पुलिस अधिकारियों ने उनकी सराहनीय सेवाओं को याद किया

गोरखपुर पुलिस के बहादुर श्वान 'उत्लम' को नम आंखों से अंतिम विदाई, एसएसपी ने दी श्रद्धांजलि
पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर डॉग स्क्वाड के बहादुर श्वान 'उत्लम' को श्रद्धांजलि अर्पित करते वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं अन्य पुलिस अधिकारी।

विभव पाठक/ब्यूरो चीफ

निष्पक्ष जन अवलोकन 

गोरखपुर। जनपद गोरखपुर पुलिस के डॉग स्क्वाड के बहादुर श्वान 'उत्लम' के निधन पर गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर भावभीनी श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने श्वान 'उत्लम' को पुष्पांजलि अर्पित कर उनकी सराहनीय सेवाओं को याद किया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी नम आंखों से अपने इस वफादार साथी को अंतिम श्रद्धांजलि दी।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नगर, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लाइन, प्रतिसार निरीक्षक, डॉग स्क्वाड की टीम सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने 'उत्लम' के योगदान को याद करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक श्रद्धासुमन अर्पित किए।

पुलिस विभाग के अनुसार नर श्वान 'उत्लम' वर्ष 2012 में मध्य प्रदेश से विशेष प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद गोरखपुर पुलिस के श्वान दस्ते में शामिल हुआ था। अपने लंबे सेवाकाल के दौरान उसने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। वीआईपी और वीवीआईपी कार्यक्रमों की सुरक्षा जांच, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन तथा अन्य संवेदनशील स्थानों की नियमित जांच में उसकी अहम भूमिका रही।

इसके अलावा 'उत्लम' ने विभिन्न आपराधिक घटनाओं के बाद घटनास्थलों पर साक्ष्य जुटाने, खोजी अभियानों में पुलिस की सहायता करने तथा कई मामलों के सफल अनावरण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। अपनी सूझबूझ, प्रशिक्षण और कर्तव्यनिष्ठा के कारण वह पुलिस विभाग का विश्वसनीय और दक्ष सदस्य माना जाता था।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पुलिस श्वान केवल सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा नहीं होते, बल्कि वे पुलिस टीम के अभिन्न सदस्य होते हैं। कठिन परिस्थितियों में उनकी भूमिका कई बार अपराधों के खुलासे और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में निर्णायक साबित होती है। 'उत्लम' ने अपने पूरे सेवाकाल में जिस निष्ठा और समर्पण के साथ दायित्वों का निर्वहन किया, वह सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने 'उत्लम' की सेवाओं को याद करते हुए कहा कि उसकी बहादुरी, कर्तव्यपरायणता और पुलिस विभाग के प्रति समर्पण को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा।