सुढ़ियामऊ रेलवे स्टेशन के निकट अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी

निष्पक्ष जन अवलोकन

रामशंकर वर्मा।

रामनगर, बाराबंकी। सुढ़ियामऊ रेलवे स्टेशन के निकट गुरुवार को रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत मोहारी स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास करीब 28 वर्षीय अज्ञात युवक का शव रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा मिला। सुबह स्थानीय लोगों ने शव देखकर इसकी सूचना रेलवे पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बुढ़वल रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी।

पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पहचान होने तक शव को जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवाया गया है। रेलवे पुलिस मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों से संपर्क कर गुमशुदगी के मामलों का मिलान भी करा रही है।

प्रथम दृष्टया युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। रेलवे पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि उसकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी जा सके।