जलभराव वाले क्षेत्रों का नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण, नालों की तत्काल सफाई के दिए निर्देश

गोरखपुर नगर आयुक्त ने सिविल लाइंस क्षेत्र में जलभराव वाले स्थलों का निरीक्षण किया। नालों में सिल्ट और प्लास्टिक मिलने पर अधिकारियों को जेसीबी लगाकर तत्काल तल्लीझार सफाई कराने के निर्देश दिए।

जलभराव वाले क्षेत्रों का नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण, नालों की तत्काल सफाई के दिए निर्देश
सिविल लाइंस क्षेत्र में जलभराव वाले स्थलों का निरीक्षण कर नालों की सफाई व्यवस्था का जायजा लेते नगर आयुक्त अजय जैन।
जलभराव वाले क्षेत्रों का नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण, नालों की तत्काल सफाई के दिए निर्देश

विभव पाठक/ब्यूरो चीफ 

निष्पक्ष जन अवलोकन 

गोरखपुर। बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में नगर आयुक्त अजय जैन ने शुक्रवार सुबह जोन संख्या-03 के वार्ड संख्या-79 सिविल लाइंस प्रथम क्षेत्र में जलभराव वाले स्थानों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नालों की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने गणेश चौक से ऐशप्रा ज्वेलर्स, सिटी मॉल, अलंकार ज्वेलर्स, एचपी पब्लिक स्कूल, इनकम टैक्स कार्यालय, गोरखपुर क्लब, वीसी बंगला स्टोर, अंबेडकर चौराहा होते हुए शास्त्री चौराहे तक पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर जल निकासी की स्थिति का अवलोकन किया और अधिकारियों से मौके पर जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर नालों में सिल्ट, कूड़ा और प्लास्टिक जमा मिला, जिससे जल निकासी बाधित हो रही थी। नगर आयुक्त ने पाया कि कई नालों की तल्लीझार सफाई समय पर नहीं होने के कारण पानी का बहाव प्रभावित हो रहा है और जलभराव की स्थिति बन रही है।

इस पर उन्होंने जोनल अधिकारी और सफाई निरीक्षक को निर्देश दिए कि जेसीबी, पोकलेन मशीनों और सफाई कर्मियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाकर सभी नालों की विधिवत तल्लीझार सफाई तत्काल कराई जाए। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए सफाई कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल निकासी वाले सभी प्रमुख मार्गों और नालों की नियमित निगरानी की जाए तथा जहां भी कूड़ा या प्लास्टिक जमा मिले, उसे तत्काल हटाकर पानी के सुचारु बहाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सफाई कार्य की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी और कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान वार्ड के पार्षद, अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार, सहायक नगर आयुक्त एवं जोनल अधिकारी रवि कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता अशोक भाटी सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे