गोरखपुर में भाजपा प्रदेश मंत्री सहजानंद राय का भव्य स्वागत, 2027 चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को दिया संदेश

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश मंत्री सहजानंद राय के प्रथम गोरखपुर आगमन पर कार्यकर्ताओं ने नौसड़ चौराहे पर भव्य स्वागत किया। राय ने कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने और 2027 में भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने का आह्वान किया।

गोरखपुर में भाजपा प्रदेश मंत्री सहजानंद राय का भव्य स्वागत, 2027 चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को दिया संदेश
गोरखपुर के नौसड़ चौराहे पर भाजपा प्रदेश मंत्री सहजानंद राय का पुष्पवर्षा और जयघोष के बीच स्वागत करते पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता।

विभव पाठक /ब्यूरो चीफ 

निष्पक्ष जन अवलोकन 

गोरखपुर, 1 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त प्रदेश मंत्री सहजानंद राय के प्रथम गोरखपुर आगमन पर बुधवार को नौसड़ चौराहे पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और जोरदार जयघोष के बीच उनका अभिनंदन किया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और संगठनात्मक एकजुटता का माहौल देखने को मिला।

सहजानंद राय का गोरखपुर आगमन भारतीय जनता पार्टी गोरखपुर क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष के कार्यभार ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए हुआ। क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।

स्वागत से अभिभूत सहजानंद राय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि वह हमेशा स्वयं को पार्टी का एक समर्पित कार्यकर्ता मानते हैं और कार्यकर्ताओं का सम्मान उनके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए उनके द्वार चौबीसों घंटे खुले रहेंगे।

प्रदेश मंत्री ने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक शक्ति, कार्यकर्ताओं का समर्पण और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता ही पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता मतभेद भुलाकर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने के संकल्प के साथ कार्य करें।

कार्यक्रम में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सहजानंद राय के संगठनात्मक अनुभव, नेतृत्व क्षमता और कार्यकर्ताओं के प्रति उनके आत्मीय व्यवहार की सराहना करते हुए उन्हें नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता अभय प्रताप राव, सत्येंद्र राय, आदर्श द्विवेदी, राजेश पांडे, अनंत राजपूत, राज मंगल भारतीय, जितेंद्र चौधरी 'जीतू', एडवोकेट आदित्य द्विवेदी, आशीष गुप्ता, अमित पांडे, सुशील राय, सतीश सिंह, अश्वनी सिंह 'लकी', अमरनाथ कुशवाहा, अभिराज सिंह, विनय सिंह, दुर्गेश दुबे 'नीरज' सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।