गोरखपुर: गुलरिहा पुलिस ने 10 वर्षीय गुमशुदा बालक को 7 घंटे में सकुशल बरामद, परिजनों को सौंपा

गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र में 10 वर्षीय गुमशुदा बालक को पुलिस ने महज 7 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई पर परिजनों ने जताया आभार।

गोरखपुर: गुलरिहा पुलिस ने 10 वर्षीय गुमशुदा बालक को 7 घंटे में सकुशल बरामद, परिजनों को सौंपा
गुलरिहा थाना पुलिस द्वारा सकुशल बरामद 10 वर्षीय बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द करते पुलिसकर्मी।

विभव पाठक /ब्यूरो चीफ 

निष्पक्ष जन अवलोकन 

गोरखपुर। थाना गुलरिहा पुलिस ने तत्परता और सक्रियता का परिचय देते हुए 10 वर्षीय गुमशुदा बालक को महज सात घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चे के सुरक्षित मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

जानकारी के अनुसार, 30 जून 2026 को शाम लगभग पांच बजे 10 वर्षीय बालक, जो इन दिनों अपने ननिहाल में रह रहा था, अपने नाना को बुलाने के लिए घर से निकला था। काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने थाना गुलरिहा पुलिस को बालक के गुम होने की सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना पुलिस तत्काल हरकत में आ गई। पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर सघन तलाश अभियान चलाया और आसपास के क्षेत्रों में लगातार खोजबीन की। पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई और विभिन्न स्थानों पर बालक की तलाश जारी रखी। लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप पुलिस ने महज सात घंटे के भीतर बालक को सकुशल बरामद कर लिया।

बरामदगी के बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चे को सुरक्षित देखकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने गुलरिहा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और सक्रियता की सराहना करते हुए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुमशुदगी से जुड़े मामलों को जनपद में सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर लिया जाता है। ऐसे मामलों में तत्काल पुलिस टीमों को सक्रिय कर खोजबीन शुरू की जाती है, ताकि गुमशुदा व्यक्ति को शीघ्र सकुशल बरामद किया जा सके। अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों पर विशेष नजर रखें और किसी भी आपात स्थिति में बिना देर किए पुलिस को सूचना दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।