गोरखपुर में वन महोत्सव 2026: एक सप्ताह में लगाए जाएंगे 55 लाख से अधिक पौधे, 27 विभाग होंगे शामिल

गोरखपुर में 1 से 7 जुलाई तक वन महोत्सव के तहत 55 लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। वन विभाग को सबसे बड़ा लक्ष्य मिला है, जबकि 27 विभाग इस अभियान में भाग लेंगे। सभी रोपण स्थलों पर एडवांस सॉयल वर्क पूरा कर लिया गया है।

गोरखपुर में वन महोत्सव 2026: एक सप्ताह में लगाए जाएंगे 55 लाख से अधिक पौधे, 27 विभाग होंगे शामिल
वन महोत्सव-2026 की तैयारियों के तहत चिन्हित पौधरोपण स्थल

विभव पाठक /ब्यूरो चीफ

निष्पक्ष जन अवलोकन 

गोरखपुर, 30 जून। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में 1 से 7 जुलाई तक आयोजित होने वाले वन महोत्सव के तहत गोरखपुर जिले में 55 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस महत्वाकांक्षी अभियान को सफल बनाने के लिए वन विभाग के संयोजन में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार वन विभाग के साथ शासन के कुल 27 विभाग पौधरोपण अभियान में सहभागिता करेंगे।

प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) शुभम सिंह ने बताया कि जिले की सभी पौधशालाओं में गुणवत्तायुक्त पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। साथ ही पौधों के बेहतर विकास और उनकी उत्तरजीविता सुनिश्चित करने के लिए चिन्हित स्थलों पर एडवांस सॉयल वर्क पूरा कर लिया गया है। इसके अंतर्गत गड्ढों की खुदाई, उपयुक्त मिट्टी की व्यवस्था, पौधरोपण स्थलों का विकास तथा पौधों के संरक्षण से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की गई हैं।

वन महोत्सव के दौरान प्रतिदिन विषयवार पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राष्ट्रीय एवं ग्रामीण मार्गों के किनारे, ग्राम सभाओं, वन क्षेत्रों, शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक परिसरों में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जाएगा। अभियान में जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, ब्लॉक प्रमुखों, पंचायत प्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ स्थानीय नागरिकों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

एक जुलाई को वन महोत्सव का शुभारंभ सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थलों पर पौधरोपण के साथ होगा। सप्ताहभर चलने वाले इस अभियान में विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाएं भी सहयोग करेंगी। डीएफओ ने जिलेवासियों से प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़कर पौधरोपण करने और लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की है।

वन महोत्सव में इस वर्ष सबसे बड़ा लक्ष्य वन विभाग को दिया गया है, जिसके तहत 19.37 लाख पौधे लगाए जाएंगे। इसके बाद ग्राम विकास विभाग को 18.61 लाख पौधरोपण का लक्ष्य मिला है। कृषि विभाग को 5.76 लाख, उद्यान विभाग को 2.85 लाख, पर्यावरण विभाग को 2.38 लाख, पंचायती राज विभाग को 2.02 लाख तथा राजस्व विभाग को 1.43 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य आवंटित किया गया है। प्रशासन का लक्ष्य है कि जनसहभागिता के माध्यम से अभियान को सफल बनाकर जिले के हरित क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि की जाए।