मंडलीय जिला अस्पताल में औचक निरीक्षण, OPD से नदारद 4 वरिष्ठ डॉक्टरों को कारण बताओ नोटिस
निष्पक जन अवलोकन। मनोज अग्रहरी। तीन कार्य दिवस में देना होगा लिखित जवाब, नहीं तो होगी प्रशासनिक कार्रवाई मीरजापुर। मंडलीय जिला चिकित्सालय में प्रातः 9:30 बजे बड़ी कार्रवाई हुई। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने संयुक्त रूप से अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान OPD कक्ष में 4 वरिष्ठ चिकित्सक ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। मौके पर मरीजों की भीड़ थी, लेकिन डॉक्टर अपने निर्धारित समय पर नहीं पहुंचे थे। इस पर प्राचार्य ने तत्काल कड़ा रुख अपनाते हुए चारों डॉक्टरों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में पूछा गया है कि निर्धारित समय पर ड्यूटी पर उपस्थित क्यों नहीं थे। प्राचार्य ने निर्देश दिया है कि सभी संबंधित डॉक्टर तीन कार्य दिवस के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। संतोषजनक जवाब न मिलने पर उनके खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान प्राचार्य ने वार्डों की साफ-सफाई, दवा वितरण और मरीजों से मिल रही सुविधाओं की भी समीक्षा की। अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि समय पर उपस्थिति और मरीज सेवा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।









