सांसद रवि किशन करेंगे गोरखपुर में हरियाली तीज मेले का उद्घाटन, पोस्टर लॉन्च

गोरखपुर में 4 जुलाई को सरोवर पोर्टिको में ऐस्प्रा हरियाली तीज मेला-2026 आयोजित होगा। सांसद रवि किशन करेंगे उद्घाटन। मेले में शॉपिंग, सांस्कृतिक कार्यक्रम, फूड स्टॉल और कई आकर्षण होंगे।

सांसद रवि किशन करेंगे गोरखपुर में हरियाली तीज मेले का उद्घाटन, पोस्टर लॉन्च
होटल सरोवर पोर्टिको में ऐस्प्रा हरियाली तीज मेला-2026 का पोस्टर लॉन्च करती अग्रवाल महिला मंडल की पदाधिकारी।

विभव पाठक /ब्यूरो चीफ

निष्पक्ष जन अवलोकन 

गोरखपुर। अग्रवाल महिला मंडल, गोरखपुर की ओर से आयोजित होने वाले ऐस्प्रा हरियाली तीज मेला-2026 का आकर्षक पोस्टर गुरुवार को होटल सरोवर पोर्टिको में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान लॉन्च किया गया। इस अवसर पर मंडल की पदाधिकारियों ने आयोजन की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि हरियाली तीज मेला 4 जुलाई को सुबह 11 बजे से विजय चौक स्थित एडी मॉल के सरोवर पोर्टिको सभागार में आयोजित होगा। मेले का उद्घाटन अभिनेता एवं गोरखपुर के सांसद रवि किशन शुक्ल करेंगे, जबकि महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का समापन गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन करेंगी।

मंडल की अध्यक्ष शोभा अग्रवाल ने बताया कि हरियाली तीज भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और महिलाओं के उत्साह का प्रतीक पर्व है। उन्होंने कहा कि अग्रवाल महिला मंडल का उद्देश्य इस आयोजन के माध्यम से सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक विरासत और पारिवारिक सहभागिता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि मेले में हर आयु वर्ग के लोगों के लिए विशेष आकर्षण तैयार किए गए हैं।

संस्थापिका अध्यक्ष सुधा मोदी ने कहा कि अग्रवाल महिला मंडल वर्षों से सामाजिक, सांस्कृतिक और सेवा कार्यों के माध्यम से महिलाओं को सशक्त मंच प्रदान करता आ रहा है। हरियाली तीज मेला उसी परंपरा का विस्तार है, जहां संस्कृति, मनोरंजन और सामाजिक सहभागिता का सुंदर समागम देखने को मिलेगा।

सचिव मिताली जालान ने बताया कि मेले में शहर के प्रतिष्ठित व्यापारिक प्रतिष्ठानों के आकर्षक स्टॉल लगाए जाएंगे। महिलाओं के लिए विशेष शॉपिंग जोन, बच्चों के लिए मनोरंजक गतिविधियां, विभिन्न प्रतियोगिताएं तथा पारंपरिक और आधुनिक उत्पादों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आगंतुकों की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित की गई हैं।

कार्यक्रम समन्वयक प्राची जैन ने बताया कि आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मंच पर हरियाली तीज की थीम पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे तथा पूरे सभागार को पारंपरिक साज-सज्जा से सजाया जाएगा। दीपाली अग्रवाल ने कहा कि मेले में स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय महिला उद्यमियों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर दिया जाएगा, जिससे महिला उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा।

रीता अग्रवाल ने बताया कि मेले में पारंपरिक व्यंजनों के साथ आधुनिक फूड स्टॉल भी लगाए जाएंगे। वहीं साधना अश्विनी अग्रवाल और समता अग्रवाल ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी है। उन्होंने शहरवासियों से परिवार सहित मेले में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की। इस अवसर पर शालिनी अनुराग, मंजू अग्रवाल, रश्मि बंका सहित मंडल की अनेक सदस्याएं उपस्थित रहीं।