हॉस्पिटल की महिला कर्मचारी ने मारपीट व अभद्रता का लगाया आरोप, पुलिस से की कार्रवाई की मांग
निष्पक्ष जन अवलोकन। रत्नाकर पाण्डेय। टिकैतनगर/बाराबंकी। जेडी हॉस्पिटल की एक महिला कर्मचारी ने कुछ लोगों पर अस्पताल परिसर में घुसकर अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट का प्रयास करने का आरोप लगाया है। मामले में पीड़िता ने टिकैतनगर थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थना पत्र के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे महिला कर्मचारी अपने छोटे बच्चे के साथ अस्पताल के रिसेप्शन पर बैठी थी। आरोप है कि इसी दौरान एक बलेनो कार (संख्या UP32 MM 0994) अस्पताल के सामने आकर रुकी, जिसमें सवार डॉ. दिलीप गिरी, डॉ. गंगेश, विजय सिंह, कणवीर सिंह तथा अन्य लोग मौजूद थे। आरोप है कि सभी लोग गाड़ी से उतरकर महिला के साथ गाली-गलौज करने लगे और उसके बाल पकड़कर मारपीट का प्रयास किया। महिला के अनुसार, शोर सुनकर उसके पति भारत तथा अस्पताल के अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी वहां से निकल गए। घटना के दौरान अस्पताल कर्मियों द्वारा वीडियो भी बनाए जाने की बात कही गई है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के दौरान कणवीर सिंह द्वारा उसके पति भारत के साथ कहासुनी और अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। पीड़िता ने मामले में अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थाना प्रभारी टिकैतनगर मनोज कुमार ने बताया कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर उचित विधिक कार्रवाई की जाएगी।









