राज्य महिला आयोग की सदस्या ने पीड़ित महिलाओं की सुनी समस्याएं
निष्पक्ष जन अवलोकन बाराबंकी। शासन के निर्देशानुसार उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या अंजू प्रजापति द्वारा महिला उत्पीड़न की रोकथाम, पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने तथा महिला उत्पीड़न की घटनाओं की समीक्षा के उद्देश्य से डीआरडीए गांधी सभागार में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। सदस्या ने आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में उपस्थित पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना। जनसुनवाई के दौरान कुल 05 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिन पर त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए। इस अवसर पर सदस्या अंजू प्रजापति ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं और बालिकाओं को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से प्रदेश में प्रत्येक वर्ष मिशन शक्ति अभियान संचालित किया जाता है, ताकि महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और सशक्त बन सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि महिलाओं और बालिकाओं से संबंधित शिकायतों को किसी भी स्थिति में हल्के में न लिया जाए। सभी मामलों में गंभीरता के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित महिलाओं को न्याय के लिए भटकना न पड़े और उनका मान-सम्मान सुरक्षित रह सके।









