गैस सिलेंडर को लेकर विवाद, पत्नी पांच माह के बच्चे संग घर से लापता
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। घर में गैस न होने को लेकर हुए विवाद के बाद एक महिला अपने पांच माह के बच्चे को लेकर घर से चली गई। पति की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घुघटेर क्षेत्र के बोधनी मजरे ग्राम खटौली निवासी अनिल कुमार पुत्र रामराज की शादी करीब दो वर्ष पूर्व सुमन देवी (29) से हुई थी। दंपति का एक पांच माह का बेटा भी है। अनिल एक प्राइवेट पावर कंपनी में कार्यरत है। सोमवार सुबह करीब 8 बजे अनिल नाइट ड्यूटी से घर लौटा। उसने जब खाना मांगा तो पता चला कि खाना नहीं बना है। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। सुमन देवी ने गैस सिलेंडर भरवाने की बात कही, जिस पर विवाद बढ़ गया। विवाद के बाद अनिल अपने कमरे में सोने चला गया। इसी दौरान सुमन देवी अपने कपड़े, 1000 रुपये नकद और पांच माह के बेटे को लेकर घर से चली गई। शाम करीब 4 बजे जब अनिल की नींद खुली तो पत्नी और बच्चे के घर पर न होने की जानकारी हुई। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला। अनिल ने बताया कि वह पिछले तीन दिनों से रिश्तेदारों के यहां भी खोजबीन कर चुका है, लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। आखिरकार अनिल ने घुघटेर थाने में शिकायत दर्ज कराई। कोतवाल बेचन यादव ने बताया कि महिला और बच्चे की तलाश की जा रही है।









