गोरखपुर में मोबाइल पर बात करने से नाराज़ पिता ने बेटी पर हंसिया से किया हमला, इलाज के दौरान मौत
गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र के सिंहोरिया गांव में मोबाइल पर बात करने को लेकर हुए विवाद में पिता ने 23 वर्षीय बेटी पर हंसिया से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
विभव पाठक/ब्यूरो चीफ
निष्पक्ष जन अवलोकन
गोरखपुर। पिपराइच थाना क्षेत्र के सिंहोरिया गांव में 23 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। युवती की मौत हादसा नहीं बल्कि हत्या थी। जांच में सामने आया कि मोबाइल पर बात करने को लेकर हुए विवाद में पिता ने ही अपनी बेटी पर हंसिया से हमला कर दिया था, जिससे गंभीर रूप से घायल युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार 13 मार्च को सिंहोरिया गांव की एक युवती के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली थी। परिजनों ने पुलिस को बताया था कि युवती हंसिया पर गिर गई थी, जिससे उसे गहरी चोट लग गई। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराते हुए मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को घटना में कई तथ्य संदिग्ध लगे। पूछताछ में यह सामने आया कि युवती किसी युवक से मोबाइल पर बात करती थी, जिसे लेकर उसके पिता से अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर पिता-पुत्री के बीच कहासुनी हो गई।
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर पिता कमलेश ने गुस्से में आकर बेटी के साथ मारपीट की और घर में रखा हंसिया उठाकर उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिवार ने मामले को हादसा बताने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की गहन जांच और पूछताछ में सच्चाई सामने आ गई।
पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पिता कमलेश पुत्र रामबृक्ष निवासी ग्राम सिंहोरिया, थाना पिपराइच को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हंसिया भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।









