गोरखपुर: बस स्टेशन पर झांसा देकर गहने ठगने वाला आरोपी गिरफ्तार, चोरी के जेवर बरामद
गोरखपुर के कैंट थाना क्षेत्र में बस स्टेशन पर रुपये का लालच देकर महिला के गहने ठगने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से लॉकेट, झुमके और अंगूठी बरामद हुई
विभव पाठक
निष्पक्ष जन अवलोकन
गोरखपुर। कैंट थाना पुलिस ने बस स्टेशन पर लोगों को झांसा देकर गहने ठगने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए जेवर बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई आगे बढ़ा दी है।
पुलिस के मुताबिक, 3 जून 2026 को एक व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ गोरखपुर बस स्टेशन पर मौजूद था। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्तियों ने रूमाल में बंधा एक बंडल गिराकर उसमें रुपये होने का लालच दिया और उसे आपस में बांटने की बात कही। आरोपियों की बातों में आकर दंपति उनके साथ एक सुनसान स्थान पर चले गए।
वहां दोनों आरोपियों ने बातचीत के दौरान महिला को विश्वास में लेकर उसके गहने उतरवा लिए और मौका पाकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी दीपू कुमार, निवासी बेतिया (बिहार), को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी किए गए दो लॉकेट, एक जोड़ी कान के झुमके तथा एक अंगूठी (पीली धातु) बरामद हुई।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके अन्य साथियों की तलाश भी जारी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पहले से भी लूट और चोरी समेत विभिन्न आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह किसी संगठित ठगी गिरोह से जुड़ा है या नहीं तथा उसके अन्य सहयोगी किन-किन घटनाओं में शामिल रहे हैं।









