सम्पूर्ण समाधान दिवस में अकोंहरा मजरे उदवत नगर के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से नाली में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की
अजय रावत निष्पक्ष जन अवलोकन सिरौलीगौसपुर बाराबंकी। सिरौलीगौसपुर तहसील के ग्राम अकोहरा मजरे उदवत नगर के ग्रामीण गंभीर जलभराव की समस्या का सामना कर रहे हैं। गांव में उचित जल निकासी की व्यवस्था न होने के कारण गंदा पानी जमा रहता है, जिससे स्थानीय निवासियों को परेशानी हो रही है। इस समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को एक प्रार्थना पत्र सौंपा है।ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने नाली निर्माण की मांग को लेकर पूर्व में भी खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) दरियाबाद से कई बार मौखिक और लिखित शिकायतें की थीं। हालांकि, इन शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे समस्या बनी रही।प्रार्थना पत्र के अनुसार, ग्राम अकोहरा में बनी कच्ची नाली रास्ते के स्तर से नीचे है, जिसके कारण गंदा पानी लगातार जमा होता रहता है। माता-प्रसाद और काली प्रसाद दुबे के घरों के पास, साथ ही शिवकुमार पुत्र रामचंद्र और रक्षाराम के दरवाजों पर स्थायी रूप से जलभराव की स्थिति बनी हुई है।राम किशोर, तेज कुमार, आशीष कुमार, जयचंद, रोहित कुमार समेत कई ग्रामीणों ने बताया कि इस जलभराव से दुर्गंध और कीड़े-मकोड़ों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे स्थानीय निवासियों का जीवन प्रभावित हो रहा है और पीने का पानी भी दूषित हो रहा है।जलभराव के कारण मच्छरों की संख्या में वृद्धि हुई है, जिससे ग्रामीणों में संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका है। इसके अतिरिक्त, बच्चों और बुजुर्गों को आवागमन में भी काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से ग्राम पंचायत में पक्की नाली के निर्माण की मांग की है, ताकि उन्हें इस समस्या से स्थायी समाधान मिल सके।जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए बीडीओ दरियाबाद को जांच कर समस्या का तत्काल निदान करने का निर्देश दिया है। बीडीओ संस्कृता मिश्रा ने ग्रामीणों को जल्द ही समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया है।









