विद्युत उपखंण्ड अधिकारी मसौली की कार्यशैली से नाराज़ भाजपा नेता ने विधान परिषद सदस्य अंगद सिंह से शिकायत की
निष्पक्ष जन अवलोकन अजय रावत एडवोकेट ।। सिरौलीगौसपुर बाराबंकी। विद्युत उपखण्ड अधिकारी मसौली की कार्यशैली से नाराज भाजपा नेता ने विधान परिषद सदस्य व विद्युत व्यवस्था संबंधी जांच समिति के सभापति को पत्र लिखा है। इस पत्र के माध्यम से एसडीओ के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं और जांच तथा कार्रवाई की मांग की गई है।भाजपा मंडल महामंत्री अमित भैया राम जी ने विद्युत व्यवस्था संबंधी जांच समिति के सभापति विधान परिषद सदस्य अंगद सिंह को सात सूत्रीय मांग पत्र सौंपा । जिसमें एसडीओ पर सिरौलीगौसपुर विद्युत उपकेंद्र से संबंधित समस्याओं का निस्तारण न करने का आरोप लगाया गया है। उन्होंने कहा कि विद्युत उपभोक्ताओं को लगातार गलत बिजली बिल दिए जा रहे हैं।पत्र में यह भी आरोप है कि एसडीओ विद्युत उपकेंद्र सिरौलीगौसपुर में समस्याएं सुनने आते नही है। जिसके कारण उपभोक्ताओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए उपकेंद्र से लगभग 30 किलोमीटर दूर मसौली स्थित उपखंड कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं। इससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।भाजपा नेता ने विद्युत कनेक्शन देने में देरी, समय पर विद्युत बिल प्राप्त न होना, और गलत बिलों में सुधार के लिए उपभोक्ताओं को दूरदराज के कार्यालयों में बुलाने जैसे कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने लापरवाह अधिकारियों के विरुद्ध जांच एवं कार्यवाही की मांग की है। अमित भैया राम जी ने बताया कि पूर्व में सभी एसडीओ पावर हाउस पर बैठकर उपभोक्ताओं की समस्याओं का निस्तारण करते थे, लेकिन वर्तमान एसडीओ कभी भी वहां नहीं बैठते हैं। इससे उपभोक्ताओं की सुनवाई नहीं हो पाती और उन्हें अपनी समस्याओं के लिए भटकना पड़ता है।









