बिशुनपुर टनटनवा चौराहा पर यूरिया खाद की कथित ओवररेटिंग, किसान परेशान

बिशुनपुर टनटनवा चौराहा पर यूरिया खाद की कथित ओवररेटिंग, किसान परेशान

निष्पक्ष जन अवलोकन। पचपेड़वा (बलरामपुर)। विकासखंड पचपेड़वा क्षेत्र के बिशुनपुर टनटनवा चौराहा स्थित एक खाद विक्रेता पर निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर यूरिया खाद बेचने के आरोप सामने आए हैं। क्षेत्रीय किसानों और ग्रामीणों का कहना है कि यूरिया खाद की एक बोरी लगभग 500 रुपये तक में बेची जा रही है, जिससे गरीब किसानों, मजदूरों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। सूत्रों के अनुसार बिशुनपुर टनटनवा चौराहा स्थित नीतू ट्रेडर्स पर बड़े पैमाने पर कथित रूप से ओवररेटिंग का खेल चल रहा है। किसानों का आरोप है कि खेती के मौसम में खाद की मांग बढ़ने का फायदा उठाकर अधिक कीमत वसूली जा रही है। इससे छोटे और सीमांत किसान सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं, जिनकी आजीविका पूरी तरह खेती पर निर्भर है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि खाद निर्धारित सरकारी दर पर उपलब्ध कराई जाए तो किसानों को राहत मिल सकती है, लेकिन कथित मनमानी कीमतों के कारण उन्हें मजबूरी में अधिक दाम चुकाने पड़ रहे हैं। कई किसानों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले की जानकारी प्राप्त होने पर संवाददाता द्वारा संबंधित कृषि अधिकारी से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके चलते इस संबंध में उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। क्षेत्र के किसानों का कहना है कि यदि शिकायतों में सच्चाई पाई जाती है तो जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा तत्काल जांच कराकर किसानों को राहत दिलाई जानी चाहिए। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से खाद बिक्री केंद्रों की जांच कर निर्धारित मूल्य सूची सार्वजनिक कराने और ओवररेटिंग पर रोक लगाने की मांग की है।