पुलिस लाइन में डीएम एसपी संग पुलिसकर्मियों ने खेली होली।
निष्पक्ष जन अवलोकन।
अनिल तिवारी।
भदोही।
ज्ञानपुर। पुलिस लाइन में बृहस्पतिवार को डीएम शैलेश कुमार और एसपी अभिमन्यु मांगलिक की मौजूदगी में जमकर अबीर-गुलाल उड़ा। उत्साहित सिपाहियों ने दोनों अधिकारियों को कंधे पर उठाकर डांस किया। फायर ब्रिगेड के जवानों ने फायर मशीन से जमकर रंग बरसाई। हर कोई इस दौरान रंगों में सराबोर रहा। होली पर्व को लेकर पुलिस-प्रशासन के अधिकारी से लेकर कर्मचारी गुजरे एक सप्ताह तक अलर्ट मोड में रहे। होलिका दहन और रंगोत्सव पर्व में सभी की ड्यूटी रही, जिससे वह होली का आनंद नहीं ले सके। पुलिस लाइन में आयोजित होली समारोह के मौके पर जब जिलाधिकारी शैलेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक पहुंचे तो पुलिसकर्मी उनको कंधों पर उठाकर पुलिस लाइन के अंदर लेकर पहुंचे। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल, क्षेत्राधिकारी प्रभात राय, राजीव कुमार और चमन सिंह चावड़ा समेत पुलिस के उच्चाधिकारियों के साथ पुलिसकर्मियों ने जमकर होली खेली। एक दूसरे को जमकर रंग और गुलाल लगाया और लोग नाचते हुए एक दूसरे के कपड़े को फाड़ते भी देखे गए। जो लोग भी अपने कपड़े को बचाते नज़र आये उनको दौड़ाकर कपड़ा फाड़ा गया। इस दौरान पुलिस कर्मी ढोल-नगाड़े की थाप पर नृत्य कर एक दूसरे को बधाई देते दिखे। पुलिस लाइन में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ होली मनाया गया।








