तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से चार वर्षीय बच्ची घायल

निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। फतेहपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में एक तेज रफ्तार अज्ञात मोटरसाइकिल सवार ने चार वर्षीय बच्ची को टक्कर मार दी, जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार रसूलपुर गांव निवासी मो. शरीफ की चार वर्षीय नातिन आयरा बानो घर के बाहर खेल रही थी। उसी समय परिवार के सदस्य नमाज पढ़ने गए हुए थे। खेलते-खेलते आयरा घर के सामने से गुजर रही सड़क पर पहुंच गई। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात बाइक सवार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बच्ची सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल बच्ची को उपचार के लिए फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सक डॉ. निसार अहमद ने बताया कि बच्ची के हाथ में गंभीर चोट आई है तथा सिर में भी घाव हैं। उसकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।